इन चीजों से लू हो जाएगी छू!
तेज गर्मी में कामकाज के चक्कर में कई बार बाहर निकलना ही पड़ता है। ऐसे में इन चीजों का सेवन करें, लू की चपेट में नहीं आएंगे…
1- चिलचिलाती धूप में जरूरी हो तो ही बाहर निकलें। छाछ, दही और ठंडे पदार्थों के प्रयोग से शरीर में पानी की कमी न होने दें। नींबू पानी में पुदीने की पत्तियों का रस मिलाकर शिकंजी तैयार करें। इसे पीने से शरीर को ठंडक मिलती है।
2- सलाद के रूप में कच्चा प्याज खाएं। इससे लू नहीं लगती। कच्चा प्याज खाने से शरीर की गर्मी निकल जाती है। इतना ही नहीं, घर से बाहर निकलने से पहले प्याज का टुकड़ा अपने पास रखना लू से बचाव के लिए हिट नुस्खा है।
3- खाली पेट घर से न निकलें क्योंकि गर्मी में पसीना निकलने की वजह से शरीर में पानी की कमी हो जाती है। रोज आम का पना पिएं। यह शरीर को ठंडा रखता है और शरीर से गर्मी को निकालने में मदद करता है। आम को कुकर में उबाल लें। ठंडा होने पर इनके छिलके उतारें और गूदे को पानी, जीरा, चीनी व एक चुटकी काले नमक के साथ पीस लें। लू लगने पर दिन में कई बार आम का पना पीने से राहत मिलती है।
4- धनिया पत्ते का जूस शरीर से गर्मी दूर करने में काफी मददगार है। दिन में दो बार इसे पीने से आपको लू नहीं लगेगी। गर्मियों में प्लम का सेवन न सिर्फ आपको ठंडा रखता है बल्कि यह शरीर में जलन को भी शांत करता है। प्लम को ठंडे पानी में देर तक रखने के बाद इसका सेवन करना फायदेमंद है।
अगर लग जाए लू, तो करें ऐसा
लू लगने पर मरीज को खुली जगह पर लिटाकर उसके कपड़े ढीले कर दें, सिर पर ठंडे पानी का तौलिया रखें। रोगी को नमक व चीनी का घोल पिलाएं। पुदीना व सौंफ का रस पानी में मिलाकर भी दिया जा सकता है। पुदीने को बारीक पीसकर उसमें भुना जीरा व नमक मिलाकर पिलाने से भी लाभ होता है। धूप में निकलने के दौरान लू लगने से अगर बुखार होता है तो इमली के सेवन से इसे उतारने में मदद मिलती है। इमली के पानी में चीनी मिलाकर दिन में कई बार पीने से आराम
मिलता है।

Comments
Post a Comment